लखनऊ में दो और कोरोना पॉजिटिव


लखनऊः किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में गुरुवार को कोरोना वायरस के दो और टेस्ट पॉजिटिव आए हैं। एक संक्रमित शख्स लखनऊ का तो दूसरा लखीमपुर जिले का रहने वाला है। दोनों हाल ही में विदेश से लौटे थे। कुल मिलाकर उत्तर प्रदेश में 19 मामले सामने आ चुके हैं। जिसमें आगरा में 8, लखनऊ व नोएडा में 5-5 व गाजियाबाद में दो मरीजों का टेस्ट पॉजिटिव मिला है। नोएडा में धारा 144 लगा दी गई है। लखनऊ का रहने वाला एक युवक हाल ही में अमेरिका की यात्रा से वापस स्वदेश लौटा है। उस समय कोरोना वायरस के लक्षण नहीं थे। 


लेकिन, घर आने के बाद लक्षण दिखाई दिए। जिस पर उसने जांच कराई तो टेस्ट पॉजिटिव आया है। उसे आइसोलेट कर दिया गया है। वहीं, लखीमपुर का रहने वाला एक व्यक्ति तुर्की से लौटा है। उसका भी टेस्ट पॉजिटिव आया है। केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह ने बताया 2 और रोगियों की संक्रमण से पुष्टि हो गई है। वर्तमान में कोरोनावायरस पीड़ितों की संख्या लखनऊ में 5 हो गयी है। बुधवार को यहां एक रेजीडेंट डॉक्टर का भी टेस्ट पॉजिटिव आया था। जिसके बाद से टीम में शामिल सभी डॉक्टरों का सैंपल लिया गया है। वहीं, नोएडा में एचसीएल कंपनी ने स्टेटमेंट जारी कर कहा कि, हाल ही में विदेश से लौटे नोएडा के एक कर्मी में कोरोनावायरस पॉजिटिव पाया गया है।