यूपी डेस्कः उन्नाव रेप पीड़िता ने शुक्रवार रात 11.40 बजे दिल्ली के अस्पताल में दम तोड़ दिया। पीड़िता को एयरलिफ्ट करके सरकारी खर्च पर लखनऊ से दिल्ली लाया गया था। पीड़िता का शरीर 90 फीसदी जल चुका था। सफदरजंग हॉस्पिटल के प्रवक्ता ने उन्नाव रेप पीड़िता के निधन की पुष्टि की है। पीड़िता का इलाज करने वाले डॉ शलभ ने कहा कि पीड़िता 95 फीसदी तक जल चुकी थी। उसको बचाने की पूरी कोशिश की गई थी।
लेकिन उसको बचाया नहीं जा सका। सफदरजंग हॉस्पिटल के प्रवक्ता ने बताया कि उन्नाव पीड़िता ने रात 11ः40 बजे अंतिम सांस ली। पीड़िता ने मरने से पहले अपने भाई से कहा था कि मैं जीना चाहती हूं। पीड़िता ने यह भी कहा था कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए। गुरुवार को उन्नाव में गैंगरेप पीड़िता को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाकर दिया गया था। इस घटना में युवती 95 फीसदी जल गई थी. ग्रामीणों ने मुताबिक 95 फीसदी जलने के बाद भी पीड़िता घटनास्थल से एक किलोमीटर तक पैदल चली थी और मदद की गुहार लगाई थी। पीड़िता ने खुद ही 112 पर फोन किया था और पुलिस से आपबीती बताई थी।
इससे पहले उन्नाव गैंगरेप पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट जारी की गई थी। रिपोर्ट के मुताबित रेप पीड़िता के शरीर पर कोई बाहरी या आंतरिक चोट नहीं मिली थी। सिर्फ जलने के साक्ष्य मिले थे। वहीं, यूपी के आईजी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रवीण कुमार ने भी कहा था कि पीड़िता को जलाने से पहले या बाद में चाकू मारने या हिंसा की बात नहीं है। वहीं, पुलिस ने गैंगरेप पीड़िता को जलाने के मामले में पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले में संज्ञान लेते हुए पीड़िता के इलाज में मदद और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए थे।
यह है मामला
गैंगरेप पीड़ित लड़की को उसी के गांव के आरोपी शिवम ने शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया। दुष्कर्म के वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया। परेशान होकर लड़की अपनी बुआ के घर रायबरेली चली गई। शिवम ने यहां भी 12 दिसंबर 2018 को अपने साथी शुभम के साथ रेप किया। रायबरेली कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने 5 मार्च, 2019 को केस दर्ज किया। बाद में शिवम ने कोर्ट में सरेंडर किया। जबकि शुभम फरार रहा। 30 नवंबर को शिवम जमानत पर रिहा होकर आया। 5 दिसंबर को रायबरेली कोर्ट में सुनवाई के लिए जा रही पीड़ित को जला दिया गया। पुलिस ने शिवम, उसके पिता रामकिशोर, शुभम, हरिशंकर और उमेश बाजपेयी को गिरफ्तार किया।