हर्रैया, बस्तीः दुबौलिया थानान्तर्गत उमरिया गांव में जमीनी विवाद को लेकर लाइसेन्सी बन्दूक से युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने मृतक के पिता सम्पत दूबे की तहरीर पर आरोपी सैनिक सहित कुछ अज्ञात लोगो के विरूद्ध धारा 302 एवं 304 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जायेगा। साथ ही असलहे के लाइसेन्स को निरस्त करने की प्रक्रिया भी जारी है। गौरतलब है कि उमरिया निवासी अशोक दूबे पुत्र राम प्रताप एवं उनके पट्टीदार सम्पत प्रसाद दूबे के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था। अशोक दूबे सेना में कार्यरत है। विगत दिनों वे छुट्टी पर घर आए थे। गुरूवार की देर रात वे विवादित खेत की जुताई कर रहे थे। सम्पत ने उन्हे मना किया तो दोनो के बीच कहा-सुनी होने लगी।
सम्पत के लड़के राजमोहन ने बीच बचाव करना चाहा तब तक अशोक दूबे घर से लाइसेन्सी बन्दूक लेकर पहुंचे और राजमोहन पर फायर झोंक दिया। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से एक जिन्दा कारतूस व एक खोखा बरामद किया था। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। उल्लेखनीय है कि मामले में पुलिस ने गुरूवार की प्रातः दोनो पक्षो को थाने पर बुलाकर सुलह-समझौता कराया था और शाम को यह घटना हो गई।