सीएम के शहर में डेंगू का कहर


गोरखपुरः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर गोरखपुर में डेंगू का कहर जारी है। आंकड़ों के खेल में माहिर स्वास्थ्य महकमे के जिम्मेदार अभी तक केवल 53 मरीजों की पुष्टि कर रहे हैं। यहां पूर्व पार्षद मोतीलाल चौरसिया की मौत हो गई। चौरसिया लखनऊ में भर्ती थे। डेंगू से इस साल सीएम सिटी में पहली मौत है।


मृतक के भतीजे सुधीर ने बताया कि, शेखपुर के पूर्व पार्षद मोतीलाल की सोमवार को तबियत बिगड़ने के बाद निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां प्लेटलेट्स महज छह हजार मिला तो उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया था। पूर्व पार्षद की मौत से स्थानीय लोगों में भय है। भाजपा नेता मुरली मनोहर ने कहा- प्रशासन की लापरवाही से वार्ड में डेंगू का जबरदस्त प्रकोप है। वार्ड में इस स्थिति की जानकारी नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को दी जा चुकी है।


लेकिन, फॉगिंग का कोई इंतजाम अब तक नहीं हुआ है। चोक नालियों को साफ करना चाहिए। डेंगू से बचाव के लिए फागिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव भी होना चाहिए। महानगर में इस सीजन में डेंगू के इलाज में अब तक 5000 यूनिट से अधिक प्लेटलेट्स खप चुकी हैं। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग मानने को तैयार नहीं है। सीएमओ ने बुधवार को डॉक्टरों को नसीहत दी कि गंभीर मरीजों को ही प्लेटलेट्स चढ़ाएं। फिलहाल विभाग अभी तक 59 मरीजों में ही डेंगू की पुष्टि कर रहा है।