गोरखपुरः पिपराइच के कोनी फोरलेन तिराहे के पास एक अनुबंधित बस और कार की भिड़ंत में तीन लोगों की जान चली गयी। कार सवार बिहार के दरभंगा जा रहे थे। दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य की मौत अस्पताल ले जाते समय हो गई। गम्भीर रूप से घायल दो लोगों को बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह लखनऊ की तरफ से बिहार की ओर जा रही एक कार पिपराइच के कोनी फोरलेन तिराहे के पास पहुंची। घने कोहरे के कारण यह कार गलत लेन में घुस गई। अचानक कुशीनगर की तरफ से आ रही एक अनुबंधित बस की कार से भिड़ंत हो गई। मृतकों में से एक की शिनाख्त उसकी जेब से निकले आधार कार्ड से हुई। पुलिस के मुताबिक उनकी पहचान शत्रोहन ठाकुर (40 वर्ष) पुत्र छेदी ठाकुर निवासी दरभंगा बिहार के रूप में हुई है। अन्य मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।