करंट लगने से पुरोहित की मौत


बस्तीः कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित भदेश्वरनाथ मंदिर परिसर में करंट की चपेट आने से एक पुरोहित की जान चली गई। लालगंज क्षेत्र के बड़गो खास निवासी दुर्गा प्रसाद पांडेय अपने यजमान का अखंड राम चरित्र मानस पाठ को संपन्न कराने के लिए भदेश्वरनाथ मंदिर आए थे। लालगंज थाना क्षेत्र के गोनारे निवासी राजबहादुर यादव ने भदेश्वरनाथ मंदिर परिसर में अखंड राम चरित्र मानस पाठ का आयोजन किया था।


पाठ के शुरू होने साथ ही दुर्गा प्रसाद पांडेय मंदिर परिसर में ही रह रहे थे। मंगलवार की भोर में वह चार बजे उठे। नित्यकर्म के बाद उन्होंने स्नान किया। उसके बाद अपनी गीली धोती को फैला रहे थे। जिस रस्सी पर फैला रहे थे वहीं से जनरेटर का तार गुजरा हुआ था। बताते हैं कि तार खुला हुआ था, जिसकी चपेट में चपेट में दुर्गा प्रसाद पांडेय आ गए। करंट लगने की जानकारी होने पर यजमान उन्हें लेकर ओपेक चिकित्सालय कैली पहुंचे। जहां पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस ने पुरोहित के पुत्र दिवाकर पांडेय की सूचना पर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम को भेज दिया।