बस्तीः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को मुंडेरवा चीनी मिल के पेराई सत्र का उद्घाटन करेंगे। उधर अयोध्या फैसले के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा और सख्त कर दी गई है। एसएसबी को भी उनकी सुरक्षा में लगाया जा रहा है। आयुक्त अनिल कुमार सागर, आईजी रेंज आशुतोष कुमार, डीएम आशुतोष निरंजन, एसपी हेमराज मीणा, सीडीओ अरविनद कुमार पांडेय व एडीएम रमेशचंद्र ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।
मुंडेरवा चीनी मिल परिसर में बनने वाले हेलीपैड स्थल का पुलिस की मेटल डिटेक्टर टीम ने बारीकी से निरीक्षण किया। हेलीपैड स्थल पर नया निर्माण कार्य होने के चलते कई जगहों पर लोहे व अन्य मेटल के टुकड़े पड़े हुए थे। हेलीपैड बनाने से पहले उनकी पहचान कर निकाला गया। उसके बाद पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड प्रथम के अभियंताओं ने तेजी से हेलीपैड का निर्माण शुरू किया, जो देर शाम तक बनकर तैयार हो गया। मिल प्रबंधन ने हेलीपैड से सीसी रोड तक खड़ंजा तैयार कराया। डीएम ने जिले के सभी अधिकारियों का अवकाश निरस्त कर दिया है। विशेष परिस्थित में अनुमति लेने के बाद ही मुख्यालय छोड़ने की हिदायत दी है। सीएम के मंच पर बैठने वालों कर सूची शासन को भेजी गयी है। कार्यक्रम के आसपास के प्रतिष्ठानों और सरकारी दफ्तरों को अपडेट रखने की हिदायत दी गयी है।